रायपुर 15 जून 2026। छत्तीसगढ़ अधिकारी-कर्मचारी फेडरेशन ने राज्य में “वर्क फ्रॉम होम” व्यवस्था लागू करने की मांग उठाई है। फेडरेशन ने मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव को पत्र लिखकर कहा है कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता तथा उनकी कीमतों को लेकर गंभीर संकट की आशंका जताई जा रही है। ऐसे समय में ईंधन संरक्षण और संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग की दिशा में ठोस कदम उठाने की जरूरत है।
फेडरेशन के संयोजक कमल वर्मा ने कहा कि देशभर में ऊर्जा संरक्षण और अनावश्यक आवागमन कम करने की आवश्यकता लगातार महसूस की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा भी ऊर्जा बचत और संसाधनों के उचित उपयोग पर विशेष जोर दिया गया है। फेडरेशन ने प्रधानमंत्री की अपील को समयानुकूल और स्वागत योग्य बताया है।
पत्र में कहा गया है कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा पहले से ही शासकीय कार्यालयों में ई-ऑफिस और पेपरलेस कार्यप्रणाली लागू की जा चुकी है। वर्तमान डिजिटल व्यवस्था के कारण अधिकांश प्रशासनिक और कार्यालयीन कार्य ऑनलाइन माध्यम से सफलतापूर्वक किए जा सकते हैं। ऐसे में आवश्यकता के अनुसार वर्क फ्रॉम होम व्यवस्था लागू करना पूरी तरह व्यावहारिक और जनहितकारी कदम होगा।


