मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में हाईवे किनारे मिले युवक के शव की गुत्थी पुलिस ने महज 72 घंटे में सुलझा ली है। जांच में सामने आया कि युवक की हत्या उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी और उसके साथी के साथ मिलकर कराई थी। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।
हाईवे किनारे संदिग्ध हालत में मिला था शव
यह मामला चितरंगी थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे-39 का है। 21 जून को रघुनाथ उर्फ सरजू खैरवार (38) का शव सड़क किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ संदिग्ध लोगों से पूछताछ शुरू की।
अवैध संबंधों में बाधा बन रहा था पति
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मृतक की पत्नी रामकली का नीरज कुमार शाह के साथ प्रेम संबंध था। दोनों अपने रिश्ते में रघुनाथ को सबसे बड़ी बाधा मानते थे। इसी वजह से रामकली, उसके प्रेमी नीरज शाह और नीरज के साथी सूरज सिंह गोंड ने मिलकर हत्या की साजिश तैयार की।
शराब पिलाने के बहाने बुलाया, फिर पत्थर से किया हमला
योजना के तहत रघुनाथ को शराब पिलाने के बहाने हाईवे किनारे ले जाया गया। वहां उसके सिर पर पत्थर से कई वार किए गए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को सड़क किनारे एक बोल्डर के पीछे फेंक दिया, ताकि घटना को हादसा या सामान्य मौत का रूप दिया जा सके।
तीनों आरोपी गिरफ्तार, हत्या में इस्तेमाल सामान भी बरामद
पुलिस ने जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर से मिली जानकारी और लगातार पूछताछ के आधार पर नीरज कुमार शाह (23), सूरज सिंह गोंड (22) और मृतक की पत्नी रामकली (30) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई सामग्री भी बरामद की गई है।
72 घंटे में खुला अंधे हत्याकांड का राज
सिंगरौली के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि चितरंगी थाना पुलिस ने वैज्ञानिक जांच, तकनीकी साक्ष्यों और सटीक सूचना के आधार पर केवल 72 घंटे के भीतर इस अंधे हत्याकांड का पर्दाफाश किया। उन्होंने मामले का खुलासा करने वाली पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिले में गंभीर अपराधों के मामलों में आगे भी इसी तरह त्वरित और प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।

