रायपुर. प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने गृह मंत्री अमित शाह पर नक्सलवाद के मामले में राजनैतिक विद्वेष के कारण गलतबयानी करने का आरोप लगाया है। शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में शाह अपने हर दौरे में भूपेश सरकार की नक्सल नियंत्रण के प्रयासों की तारीफ करते थे। कांग्रेस के अनुसार, आंकड़ों से भी छत्तीसगढ़ में नक्सली घटनाओं में कमी आई थी। शुक्ला ने याद दिलाया कि शाह ने स्वयं 5 अप्रैल 2021 को छत्तीसगढ़ में कहा था कि भूपेश सरकार और केंद्र ने मिलकर नक्सलवाद को पीछे धकेला है और घटनाओं में 80 प्रतिशत तक कमी आई थी। अब वही गृह मंत्री कांग्रेस सरकार के प्रयासों पर सवाल उठा रहे हैं। कांग्रेस ने दावा किया कि उनकी सरकार बनने के बाद ‘विश्वास, विकास, सुरक्षा’ के मूल मंत्र से नक्सली घटनाओं और नक्सलवाद में कमी आई थी।

