धमतरी। खरीफ सीजन में किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। कृषि विभाग की टीम ने जिले के कई उर्वरक विक्रय केंद्रों पर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान एक कृषि केंद्र से अवैध रूप से रखी गई 120 बोरी यूरिया जब्त की गई, जबकि नियमों के उल्लंघन पर एक उर्वरक विक्रेता का लाइसेंस भी तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया।
भानपुरी में अवैध भंडारण का खुलासा
संचालक कृषि राहुल देव (आईएएस) के निर्देशन और कलेक्टर के मार्गदर्शन में उप संचालक कृषि के निर्देश पर 2 जुलाई को धमतरी, कुरूद और मगरलोड विकासखंड में निरीक्षण अभियान चलाया गया। जांच के दौरान भानपुरी स्थित मेसर्स वर्षा कृषि केंद्र में 120 बोरी यूरिया का अवैध भंडारण मिला। टीम ने तत्काल खाद की बिक्री पर रोक लगाते हुए पूरा स्टॉक जब्त कर लिया। मामले की रिपोर्ट कलेक्टर को भेज दी गई है और उर्वरक नियंत्रण आदेश तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
दो साल से कारोबार नहीं, लाइसेंस हुआ निरस्त
निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि दर्री स्थित मेसर्स अशोक ट्रेडर्स ने लाइसेंस होने के बावजूद पिछले दो वर्षों से उर्वरक व्यवसाय का संचालन नहीं किया। इसे नियमों का उल्लंघन मानते हुए विभाग ने विक्रेता का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया।
चार दुकानों को जारी हुआ नोटिस
जांच के दौरान हनुमान कृषि केंद्र (खरेंगा), उपकार ट्रेडर्स (कंडेल), पवन ट्रेडर्स (कंडेल) और अंजनेय कृषि केंद्र (झिरिया) में भी विभिन्न अनियमितताएं पाई गईं। इन सभी संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर निर्धारित समय में जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। जवाब मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
15 से अधिक केंद्रों की हुई जांच
अभियान के दौरान धमतरी, कुरूद और मगरलोड विकासखंड के 15 से अधिक उर्वरक विक्रय केंद्रों का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने स्टॉक, बिक्री रजिस्टर, पीओएस मशीन और अन्य दस्तावेजों की भी जांच की।
31 अगस्त तक चलेगा विशेष अभियान
कृषि विभाग ने बताया कि जिले में 1 जुलाई से 31 अगस्त तक उर्वरक विक्रय सतर्कता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान जमाखोरी, कालाबाजारी, निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली, टैगिंग और बिना पीओएस मशीन खाद बिक्री जैसी अनियमितताओं पर लगातार निगरानी रखी जाएगी।
जिले में पर्याप्त खाद उपलब्ध
विभाग के अनुसार वर्तमान में जिले में कुल 16,958.31 मीट्रिक टन उर्वरक उपलब्ध है। इसमें 7,708.60 मीट्रिक टन यूरिया, 3,787 मीट्रिक टन सुपर फॉस्फेट, 1,534.88 मीट्रिक टन डीएपी, 815.67 मीट्रिक टन पोटाश और 3,111.68 मीट्रिक टन एनपीके शामिल है।
किसानों से की गई अपील
जिला प्रशासन ने किसानों से केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही खाद खरीदने, खरीद की रसीद सुरक्षित रखने और कालाबाजारी, अधिक कीमत वसूली या किसी भी प्रकार की अनियमितता की जानकारी तत्काल कृषि विभाग को देने की अपील की है।

