गरियाबंद। 05 जुलाई 2026। गरियाबंद जिले के छुरा विकासखंड में लगातार 24 घंटे से जारी मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। तेज बहाव के चलते छुरा-कुसमी मार्ग पर स्थित कोसुमबूड़ा पुल क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे क्षेत्र के 10 से अधिक गांवों का ब्लॉक मुख्यालय से संपर्क पूरी तरह टूट गया है। पुल बंद होने से ग्रामीणों की आवाजाही ठप हो गई है।
दर्जनों गांवों की आवाजाही हुई प्रभावित
पुल क्षतिग्रस्त होने के बाद नवापारा, सारागांव, दुल्ला, चुरकीदादर, बम्हनी समेत कई गांवों के लोगों के लिए छुरा मुख्यालय पहुंचना मुश्किल हो गया है। यह मार्ग ओडिशा की ओर जाने वाले प्रमुख संपर्क मार्गों में भी शामिल है, इसलिए इसका असर स्थानीय लोगों के साथ-साथ यात्रियों पर भी पड़ रहा है।
सोमवार से बढ़ेगी परेशानी
रविवार होने के कारण सरकारी कार्यालय और स्कूल बंद हैं, लेकिन सोमवार से नियमित गतिविधियां शुरू होने पर हजारों लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। फिलहाल पुल के दोनों ओर वाहनों और पैदल यात्रियों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई है।
जर्जर पुल को लेकर फिर उठे सवाल
ग्रामीणों का कहना है कि कोसुमबूड़ा पुल काफी समय से जर्जर हालत में था। कई बार नया पुल बनाने की मांग की गई, लेकिन जिम्मेदार विभाग ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। पहली ही तेज बारिश में पुल के क्षतिग्रस्त हो जाने से निर्माण की गुणवत्ता और विभागीय लापरवाही पर सवाल खड़े हो गए हैं।
वैकल्पिक मार्ग की मांग तेज
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल वैकल्पिक आवागमन की व्यवस्था करने और नए पुल के निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो लोगों को लंबा चक्कर लगाकर दूसरे रास्तों से सफर करना पड़ेगा, जिससे समय और आर्थिक नुकसान दोनों बढ़ेंगे।

