सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में अवैध खनन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। कोतवाली थाना क्षेत्र के लांची गांव स्थित एक अवैध खदान में खुदाई करते समय अचानक विशाल चट्टान ढह गई। मलबे में दबने से दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
खुदाई के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मजदूर खदान में खुदाई का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक भारी चट्टान भरभराकर उनके ऊपर आ गिरी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों मजदूरों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
पुलिस और प्रशासन ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया और दोनों शवों को मलबे से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
अवैध खनन पर उठे गंभीर सवाल
हादसे के बाद अब अवैध खनन को लेकर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि खदान का संचालन कौन कर रहा था और किसकी मिलीभगत से अवैध खनन का कारोबार चल रहा था। दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
गांव में पसरा मातम
दो मजदूरों की मौत के बाद लांची गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

