कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में वन विभाग ने वन्यजीवों के शिकार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बोड़ला वन क्षेत्र में आरोपियों ने दावत के लिए एक चीतल का शिकार कर उसकी हत्या कर दी थी। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने आधी रात जंगल में छापा मारकर सभी आरोपियों को रंगे हाथों दबोच लिया।
फंदे में फंसाकर कुल्हाड़ी से की हत्या
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने चीतल को नायलॉन के फंदे में फंसाया और फिर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद वे जंगल में ही चीतल का मांस पकाने की तैयारी कर रहे थे।
छापेमारी में मांस और हथियार बरामद
शिकार की सूचना मिलते ही वन विकास निगम की स्पेशल टीम और वन विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त कार्रवाई की। मौके पर दबिश देकर सातों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चीतल का मांस, नायलॉन का जाल, लोहे के फंदे और तीन कुल्हाड़ियां बरामद की गईं।
वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई
पूछताछ में आरोपियों ने चीतल के शिकार की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद वन विभाग ने सभी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की गैर-जमानती धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। न्यायालय में पेश करने के बाद सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया।
वन विभाग की सख्त चेतावनी
वन विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि वन्यजीवों का शिकार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं वन्यजीवों के शिकार या तस्करी की जानकारी मिले तो तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

