रायपुर : बढ़ते ट्रैफिक जाम की समस्या से लोगों को राहत दिलाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट ने 10 नई क्विक रिस्पांस टीम (QRT) मैदान में उतार दी हैं। आधुनिक वाहनों और आवश्यक उपकरणों से लैस ये टीमें शहर के किसी भी हिस्से में जाम या यातायात बाधित होने की सूचना मिलते ही तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति सामान्य करेंगी।
पुलिस कमिश्नर ने दिखाई हरी झंडी
शनिवार को पुलिस लाइन परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने नई क्यूआरटी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने शहर के प्रमुख ट्रैफिक जाम वाले क्षेत्रों की समीक्षा की और अधिकारियों से फीडबैक लेकर यातायात प्रबंधन को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
दुर्घटना और जाम की सूचना पर तुरंत होगी कार्रवाई
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि सड़क दुर्घटना, ट्रैफिक जाम या यातायात बाधित होने की सूचना मिलते ही क्यूआरटी टीम बिना देरी किए घटनास्थल पहुंचेगी। इन टीमों का उद्देश्य कम समय में यातायात बहाल कर लोगों को लंबे समय तक जाम में फंसने से बचाना है।
नागरिकों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी
यातायात पुलिस ने आम लोगों की सुविधा के लिए 9479210632 हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। यदि कहीं ट्रैफिक जाम, सड़क पर वाहन खराब होने या किसी अन्य कारण से यातायात प्रभावित हो रहा हो, तो नागरिक इस नंबर पर सूचना देकर तत्काल सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
आधुनिक संसाधनों से लैस रहेंगी टीमें
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नई क्यूआरटी को अत्याधुनिक संचार प्रणाली और ट्रैफिक प्रबंधन उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। ये टीमें नियमित जाम के अलावा सड़क दुर्घटनाओं, वीआईपी मूवमेंट और अचानक उत्पन्न होने वाली यातायात संबंधी चुनौतियों से निपटने में भी सक्रिय भूमिका निभाएंगी।
सांसद की नाराजगी के बाद तेज हुई पहल
शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर हाल ही में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने नाराजगी जताई थी। इसके बाद पुलिस कमिश्नरेट ने यातायात प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने के लिए क्यूआरटी व्यवस्था को मजबूत करने का निर्णय लिया। इससे उम्मीद की जा रही है कि राजधानी में ट्रैफिक जाम की समस्या पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सकेगा।

