छत्तीसगढ़ : उभरती हुई वेटलिफ्टर ज्ञानेश्वरी यादव का चयन कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के लिए भारतीय टीम में हुआ है। उनके चयन से प्रदेश के खेल जगत में उत्साह का माहौल है। अब ज्ञानेश्वरी स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित होने वाले कॉमनवेल्थ खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
23 जुलाई से शुरू होंगे कॉमनवेल्थ गेम्स
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का आयोजन 23 जुलाई से 2 अगस्त तक स्कॉटलैंड के ग्लासगो में होगा। दुनिया भर के खिलाड़ी इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे, जहां भारत की ओर से ज्ञानेश्वरी यादव वेटलिफ्टिंग में चुनौती पेश करेंगी।
बर्मिंघम में चल रहा है विशेष प्रशिक्षण शिविर
प्रतियोगिता से पहले भारतीय वेटलिफ्टिंग टीम का अनुकूलन प्रशिक्षण शिविर यूनाइटेड किंगडम के बर्मिंघम में आयोजित किया जा रहा है, जो 22 जुलाई 2026 तक चलेगा। इसके बाद पूरी टीम ग्लासगो पहुंचेगी और 23 जुलाई से प्रतियोगिता में भाग लेगी।
मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री एवं छत्तीसगढ़ ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष विष्णु देव साय ने ज्ञानेश्वरी यादव को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि उनका टीम इंडिया में चयन पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि ज्ञानेश्वरी अपने शानदार प्रदर्शन से देश और छत्तीसगढ़ दोनों का नाम रोशन करेंगी।
युवा खिलाड़ियों के लिए बनीं प्रेरणा
छत्तीसगढ़ ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव विक्रम सिसोदिया ने कहा कि ज्ञानेश्वरी यादव की उपलब्धि प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ज्ञानेश्वरी कॉमनवेल्थ गेम्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर भारत के लिए पदक जीतने में सफल होंगी।

