नई दिल्ली। Rahul Gandhi: सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से मेडिकल जांच के लिए हटाकर सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराए जाने के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इस कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि, मोदी सरकार के मुख्य सिद्धांत असत्य और हिंसा हैं। सोनम वांगचुक जी को जंतर-मंतर से हटाना, जबकि वे अहिंसक भूख हड़ताल पर थे, गलत है। पेपर लीक, शिक्षा की बढ़ती लागत और छात्रों की आत्महत्या भारत के भविष्य के लिए गंभीर मुद्दे हैं। कोई भी ताकत भारत के छात्रों और हममें से उन लोगों को, जो उनसे प्यार करते हैं और उनमें विश्वास रखते हैं, इन मुद्दों को उठाने से नहीं रोक सकती।
Rahul Gandhi: राहुल गांधी ने कहा कि देश के छात्रों से जुड़े इन महत्वपूर्ण सवालों को उठाने से किसी को रोका नहीं जा सकता। उन्होंने विश्वास जताया कि छात्र और उनके समर्थन में खड़े लोग लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाते रहेंगे। गौरतलब है कि सोनम वांगचुक को लगातार भूख हड़ताल के कारण बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने मेडिकल टीम की सलाह और न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस का कहना है कि यह कदम पूरी तरह चिकित्सकीय आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए उठाया गया।

