CCTV ने खोला वारदात का राज
निर्माणाधीन साइट पर शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की गई।फुटेज में एक नाबालिग घटनास्थल के आसपास दिखाई दिया। वीडियो में सुपरवाइजर की चीखें भी सुनाई देने की बात सामने आई है। पुलिस ने फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर नाबालिग को पकड़ लिया।
साइकिल से पानी के छींटे पड़ने पर हुआ था विवाद
पूछताछ में नाबालिग ने पुलिस को बताया कि बुधवार को वह साइकिल से रेलवे स्टेशन की तरफ जा रहा था। इसी दौरान साइकिल से उछले पानी के छींटे सुपरवाइजर पर पड़ गए।आरोप है कि इस बात पर सुपरवाइजर ने उसे गालियां दीं और तीन-चार थप्पड़ मारे। पुलिस के मुताबिक, इसी घटना से नाराज नाबालिग के मन में बदले की भावना पैदा हुई और उसने बाद में सुपरवाइजर पर हमला करने की योजना बनाई।
रात में साइट पर पहुंचा और लोहे के एंगल से किया हमला
पुलिस के अनुसार, उसी रात नाबालिग दोबारा निर्माणाधीन साइट पर पहुंचा। वहां उसने लोहे का एंगल उठाया और सो रहे सुपरवाइजर नरेश गुप्ता के सिर पर कई वार किए।हमले में सुपरवाइजर की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया। सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
बिहार में रहता है मृतक का परिवार
मृतक नरेश गुप्ता मूल रूप से बिहार के रहने वाले थे। उनकी पत्नी और दो बच्चे बिहार में रहते हैं। वह बिलासपुर में निर्माणाधीन साइट पर सुपरवाइजर के तौर पर काम कर रहे थे।नरेश की मौत की खबर मिलने के बाद बजरंग कंस्ट्रक्शन के संचालक सुनील सिंह भी स्तब्ध रह गए। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।