कोरबा : करतला थाना क्षेत्र स्थित रामपुर गांव में बुधवार दोपहर आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा नुकसान हुआ। तेज गरज और बारिश के बीच दशहरा चौक में खड़े एक इमली के पेड़ पर बिजली गिरने से वहां बैठे छह साइबेरियन सारसों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
गरज-चमक के बीच हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 3:45 बजे मौसम अचानक खराब हो गया और तेज बारिश के साथ बिजली कड़कने लगी। इसी दौरान दशहरा चौक स्थित इमली के पेड़ पर आकाशीय बिजली गिरी। पेड़ पर बड़ी संख्या में पक्षी बैठे हुए थे, जिनमें से छह साइबेरियन सारस बिजली की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
तड़ित चालकों की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
घटना के बाद ग्रामीणों ने गांव में पहले से लगाए गए तड़ित चालकों की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि सुरक्षा के लिए लाइटनिंग अरेस्टर लगाए गए हैं, लेकिन इसके बावजूद बिजली सीधे पेड़ पर गिरना चिंता का विषय है। ऐसे में इन उपकरणों की तकनीकी जांच कराई जानी चाहिए।
बड़े हादसे की आशंका जताई
ग्रामीणों का कहना है कि यदि हादसे के समय पेड़ के नीचे लोग मौजूद होते तो बड़ा जानमाल का नुकसान हो सकता था। इस घटना ने गांव के लोगों में भय का माहौल पैदा कर दिया है।
प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव में लगे सभी तड़ित चालकों की तकनीकी जांच कराने, खराब उपकरणों को तत्काल बदलने और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त क्षमता वाले नए तड़ित चालक लगाने की मांग की है। साथ ही विशेषज्ञों की टीम से पूरे क्षेत्र का निरीक्षण कर भविष्य में आकाशीय बिजली से होने वाले हादसों की रोकथाम के लिए स्थायी और प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील भी की है।

