रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में साहित्य और रचनात्मक अभिव्यक्ति को समर्पित एक खास आयोजन देखने को मिला। साहित्यिक संस्था Heaven Writes की ओर से 22 नवंबर को सिविल लाइन्स स्थित वृंदावन हॉल में ‘रंग-ए-सुख़न’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस साहित्यिक महफिल में रायपुर, बिलासपुर, भिलाई समेत प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों से आए कवियों, शायरों और साहित्य प्रेमियों ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने अपनी रचनाओं के जरिए प्रेम, सामाजिक सरोकारों, जिंदगी के अनुभवों और मानवीय संवेदनाओं को प्रभावशाली अंदाज में प्रस्तुत किया।
युवा नेतृत्व में साहित्य को नई दिशा देने की पहल
Heaven Writes के संस्थापक पार्थो मिस्त्री साहित्यिक गतिविधियों को विस्तार देने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। कांकेर जिले के पखांजूर से ताल्लुक रखने वाले पार्थो महज 21 वर्ष की उम्र में साहित्य के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उनका उद्देश्य उभरते रचनाकारों को उचित मंच उपलब्ध कराना और साहित्यिक प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर देना है।
संस्था के सह-संस्थापक कुश सिंह ने भी आयोजन की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया। रायपुर निवासी कुश लंबे समय से साहित्यिक गतिविधियों से जुड़े हुए हैं। वहीं, संस्था के कोऑर्डिनेटर ख़िज़्र हयात ख़ान ने भी कार्यक्रम के संचालन और आयोजन से जुड़ी जिम्मेदारियों में अहम भूमिका निभाई।
डॉ. बीना सिंह ‘रागी’ रहीं मुख्य अतिथि
इस साहित्यिक आयोजन में डॉ. बीना सिंह ‘रागी’ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। साहित्य जगत से जुड़े इरफ़ान ख़ान, पंखुड़ी मिश्रा, हिमांशु साराओगी और अज़हर अली की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। Heaven Writes की ओर से सभी विशिष्ट अतिथियों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही मंच पर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को भी सम्मान देकर प्रोत्साहित किया गया।
इन रचनाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से सजाई साहित्यिक महफिल
‘रंग-ए-सुख़न’ में शामिल होकर अपनी साहित्यिक प्रतिभा का परिचय देने वाले प्रतिभागियों में उमा जैन, प्रकाश दास माणिकपुरी (बिलासपुर), सुरिंदर पाल सिंह, प्रदीप शिव कुमार, अनिल चंदानी, नसीम ख़ान, नवीन महोबिया, इच्छा मिश्रा (कोरबा), ख़ुमार निर्मल, जीतू अग्रवाल, रणजीत सिंह, रवि कुमार देवांगन, जयदेव पंजवानी, पल्लवी राव, दिव्या वर्मा, आकाश दुबे, डॉ. अस्मिता रणनवारे, मितांशु गोपलानी, भयजीत बिसेन, शान मोहम्मद चिश्ती, विकास शर्मा, शमा परवीन, अनवर ख़ान, हर्ष मिश्रा, अंशुमन शर्मा और वंदना साहू शामिल रहे।
साहित्यिक प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का संकल्प
कार्यक्रम को साहित्य प्रेमियों का अच्छा प्रतिसाद मिला। आयोजन के माध्यम से Heaven Writes ने अनुभवी साहित्यकारों और नई पीढ़ी के रचनाकारों को एक साझा मंच पर लाने का प्रयास किया। संस्था का उद्देश्य साहित्य और कला के प्रति रुचि रखने वाले लोगों को एकजुट करना तथा नए कलाकारों को अपनी रचनात्मक क्षमता प्रदर्शित करने के अवसर उपलब्ध कराना है।
‘रंग-ए-सुख़न’ का आयोजन साहित्यिक संवाद, रचनात्मक अभिव्यक्ति और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। इस महफिल ने न केवल स्थापित साहित्यकारों को एक-दूसरे से जुड़ने का अवसर दिया, बल्कि नए रचनाकारों के लिए भी अपनी पहचान बनाने का रास्ता तैयार किया।

