सूरजपुर/28 मई 2026
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती रेना जमील ने नगर पंचायत शिवनन्दनपुर के आम निर्वाचन 2026 एवं त्रिस्तरीय पंचायतों के उप निर्वाचन 2026 के लिए मतदान दिवस सोमवार, 01 जून 2026 को संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में सार्वजनिक एवं सामान्य अवकाश घोषित किया है। यह अवकाश छत्तीसगढ़ शासन, सामान्य प्रशासन विभाग, मंत्रालय, नवा रायपुर द्वारा जारी आदेश के परिपालन में घोषित किया गया है।
नगर पंचायत शिवनंदनपुर में अध्यक्ष एवं पार्षद पद हेतु मतदान:-
जारी आदेशानुसार नगर पंचायत शिवनंदनपुर के 15 वार्डों में अध्यक्ष एवं पार्षद पद के लिए 01 जून 2026 को मतदान सम्पन्न होगा। इस निर्वाचन क्षेत्र में स्थित समस्त शासकीय संस्थानों एवं कार्यालयों के लिए उक्त दिवस अवकाश रहेगा।
त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन चार विकासखंडों में मतदान:-
त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन के अन्तर्गत जिले के चार विकासखण्डों के विभिन्न ग्राम पंचायतों में पंच, सरपंच एवं जनपद पंचायत सदस्य पदों हेतु मतदान आयोजित होगा।
विकासखण्ड सूरजपुर में ग्राम पंचायत सिलफिली (पंच वार्ड क्रमांक 17) एवं अनुज नगर (पंच वार्ड क्रमांक 07 व 12) हेतु मतदान होगा।
विकासखण्ड भैयाथान में ग्राम पंचायत चुनगड़ी एवं लक्ष्मीपुर में जनपद पंचायत सदस्य पद हेतु मतदान सम्पन्न होगा।
विकासखण्ड रामानुजनगर में ग्राम पंचायत परसापारा (सरपंच), सुमेरपुर (सरपंच तथा पंच), अक्षयपुर, सेन्दुरी एवं परशुरामपुर (जनपद पंचायत सदस्य) हेतु मतदान होगा।
विकासखण्ड प्रतापपुर में ग्राम पंचायत पहाड़करवां में सरपंच पद हेतु मतदान आयोजित किया जाएगा।

