रायपुर। छत्तीसगढ़ के हवाई यात्रियों के लिए जल्द ही एक नई और अनोखी सुविधा शुरू होने जा रही है। रायपुर एयरपोर्ट पर पहली बार ‘फ्लाईब्रेरी’ की शुरुआत की जाएगी। इस पहल के तहत यात्री यात्रा के दौरान पढ़ने के लिए एयरपोर्ट से निशुल्क किताब ले सकेंगे। खास बात यह है कि गंतव्य शहर पहुंचने के बाद उन्हें वह किताब वहां के एयरपोर्ट की लाइब्रेरी में जमा करनी होगी।
देश के चुनिंदा एयरपोर्ट की तर्ज पर मिलेगी सुविधा
फ्लाईब्रेरी सुविधा फिलहाल देश के कुछ चुनिंदा एयरपोर्ट पर संचालित की जा रही है। अब रायपुर एयरपोर्ट भी इस सूची में शामिल होने जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य यात्रियों में पढ़ने की आदत को बढ़ावा देना और यात्रा के समय का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करना है।
हर आयु वर्ग के लिए होंगी किताबें
एयरपोर्ट की फ्लाईब्रेरी में विभिन्न विषयों और भाषाओं की किताबें उपलब्ध रहेंगी। यात्रियों को हिंदी, अंग्रेजी समेत अन्य भाषाओं की पुस्तकें मिलेंगी। इसके अलावा बच्चों के लिए कॉमिक्स, पर्यटन से जुड़ी पुस्तकें, सामान्य ज्ञान और साहित्य से संबंधित किताबें भी रखी जाएंगी, ताकि हर आयु वर्ग के यात्रियों को अपनी पसंद की पुस्तक मिल सके।
चंडीगढ़ एयरपोर्ट के सीईओ बने योगेश नगाइच
इसी बीच रायपुर एयरपोर्ट के डायरेक्टर योगेश नगाइच का तबादला चंडीगढ़ एयरपोर्ट कर दिया गया है। उन्हें वहां मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। रायपुर से विदाई से पहले उन्होंने एयरपोर्ट पर शुरू होने वाली फ्लाईब्रेरी समेत भविष्य की विकास योजनाओं की जानकारी साझा की।
यात्रा का अनुभव होगा और बेहतर
एयरपोर्ट प्रबंधन का मानना है कि फ्लाईब्रेरी शुरू होने से यात्रियों को यात्रा के दौरान उपयोगी और रोचक पठन सामग्री उपलब्ध होगी। इससे सफर अधिक आनंददायक बनेगा और पढ़ने की संस्कृति को भी बढ़ावा मिलेगा।

