बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में पिछले 24 घंटे से लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। तेज बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं और अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में तीन लोग तेज बहाव में बह गए। प्रशासन, पुलिस और बचाव दल तीनों की तलाश में लगातार रेस्क्यू अभियान चला रहे हैं, लेकिन अब तक किसी का पता नहीं चल सका है।
महानदी में बहा युवक, NDRF को बुलाया गया
पहली घटना कसडोल विकासखंड के नारायणपुर गांव की है। सोमवार को 35 वर्षीय चतुर सिंह माझी महानदी के तेज बहाव में बह गए। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन अंधेरा होने के कारण तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू नहीं हो सका। मंगलवार को एनडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर युवक की तलाश शुरू कर दी।
नाले में गिरी बिजली विभाग की पिकअप, कर्मचारी लापता
दूसरी घटना मंगलवार तड़के करीब चार बजे अचानकपुर-खोरसी मार्ग पर हुई। बिजली विभाग की एक पिकअप वाहन तेज बहाव वाले नाले को पार करते समय अनियंत्रित होकर पानी में जा गिरी। वाहन में चार कर्मचारी सवार थे। इनमें से तीन कर्मचारी सुरक्षित बाहर निकल आए, जबकि एक कर्मचारी तेज धारा में बह गया। बचाव दल मौके पर राहत कार्य में जुटा है, जबकि वाहन अब भी नाले में फंसा हुआ है।
नहाने गया बच्चा तेज बहाव में बहा
तीसरी घटना लच्छनपुर-पारागांव क्षेत्र के जमुनाइय्या नाले की है। मंगलवार सुबह नहाने गया एक बच्चा अचानक तेज बहाव की चपेट में आ गया और बह गया। लगातार बारिश और दुर्गम रास्तों के कारण बचाव दल को मौके तक पहुंचने में कठिनाई हो रही है, जिससे परिजनों की चिंता बढ़ गई है।
प्रशासन ने जारी की चेतावनी
लगातार हो रही बारिश से जिले के अधिकांश नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे उफनते नदी-नालों, पुल-पुलियों और जलभराव वाले क्षेत्रों को पार करने का प्रयास न करें। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे तक जिले में भारी बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन का कहना है कि तीनों लापता लोगों की तलाश लगातार जारी है और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

