बतौली। सरगुजा जिले के बतौली में सोमवार को हुई मूसलाधार बारिश ने स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय की व्यवस्था पूरी तरह बिगाड़ दी। राष्ट्रीय राजमार्ग-43 से बहकर आया पानी स्कूल परिसर और कक्षाओं में घुस गया, जिससे करीब 10 कक्षाएं जलमग्न हो गईं। अचानक पानी भरने से स्कूल में अफरा-तफरी मच गई और बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए प्रबंधन ने उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाकर समय से पहले छुट्टी दे दी।
250 विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित
बारिश के कारण कक्षा 6वीं से 10वीं तक संचालित होने वाले करीब 10 कमरों में पानी भर गया। इससे लगभग 250 विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई प्रभावित हुई। स्कूल में करीब 600 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं, ऐसे में सभी के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करना भी चुनौती बन गया है। मंगलवार को भी स्कूल में विद्यार्थियों की उपस्थिति सामान्य से काफी कम रही।
जल निकासी व्यवस्था पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग-43 के किनारे बनी नालियों की समय पर सफाई नहीं होने और कमजोर जल निकासी व्यवस्था के कारण बारिश का पानी सीधे विद्यालय परिसर में भर गया। आसपास स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, तहसील कार्यालय और अन्य शासकीय भवनों का पानी भी स्कूल की ओर आने से स्थिति और गंभीर हो गई। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से स्थायी समाधान की मांग की है।
जेसीबी की मदद से निकाला गया पानी
विद्यालय की प्रभारी प्राचार्या प्रसन्ना केरकेट्टा ने बताया कि पानी भरने के बाद सबसे पहले बच्चों को सुरक्षित कक्षाओं में पहुंचाया गया। इसके बाद जेसीबी मशीन की सहायता से जल निकासी का रास्ता बनाया गया, जिससे परिसर से पानी बाहर निकाला गया और स्थिति को सामान्य किया गया।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। भविष्य में ऐसी समस्या दोबारा न हो, इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और संबंधित विभागों से भी समन्वय किया जा रहा है।

