भिलाई। दुर्ग जिले के भिलाई नगर थाना क्षेत्र में मदद का झांसा देकर लूटपाट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सड़क हादसे में घायल एक युवक की सहायता करने पहुंचे दो बदमाशों ने पहले उसके साथ मारपीट की और फिर सोने की चेन, तीन मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच तथा नकदी लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
स्कूटी फिसलने के बाद हुआ हमला
पुलिस के अनुसार, तालपुरी ब्लॉक-बी निवासी 31 वर्षीय सूर्यश सिंह कार वॉशिंग का व्यवसाय करते हैं। उन्होंने बताया कि 3 जुलाई की रात करीब 10:30 बजे वह सिविक सेंटर से दोपहिया वाहन से घर लौट रहे थे। सेक्टर-10 स्थित सड़क नंबर-47 के पास उनकी स्कूटी फिसल गई, जिससे वह सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
मदद का भरोसा देकर लूट ली कीमती सामान
घटना के कुछ देर बाद एक्टिवा पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। शुरुआत में उन्होंने घायल युवक की मदद करने की बात कही, लेकिन अचानक उस पर हमला कर दिया। आरोपियों ने हाथ, मुक्कों और लातों से मारपीट कर उसके गले से सोने की चेन, तीन मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच और करीब 1,500 रुपये नकद लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
परिजनों को दी जानकारी, थाने में दर्ज हुई शिकायत
घटना के बाद पीड़ित ने अपने भाई सम्राट सिंह और दोस्तों मंदीप सिंह व सिवान सतपति को पूरी जानकारी दी। इसके बाद भिलाई नगर थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई गई।
सीसीटीवी फुटेज के सहारे आरोपियों की तलाश
शिकायत के आधार पर भिलाई नगर पुलिस ने अपराध क्रमांक 0364/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 309(6) के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला कायम किया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी हुई है।

