Sonia Gandhi Voter List Controversy: सोनिया गांधी के भारतीय नागरिक बनने की तारीख और मतदाता सूची में उनके नाम की मौजूदगी को लेकर उठा विवाद अब अदालत तक पहुंच गया है। दिल्ली पुलिस ने शनिवार, 28 नवंबर को इस मामले में दो अलग-अलग रिपोर्ट अदालत में पेश कीं। रिपोर्ट में बताया गया है कि प्रशासनिक रिकॉर्ड के अनुसार सोनिया गांधी का नाम 1980 और 1983, दोनों वर्षों की मतदाता सूची में दर्ज था। वहीं, पुलिस की रिपोर्ट में उनकी भारतीय नागरिकता मिलने की तारीख 30 अप्रैल 1983 बताई गई है।
अदालत में पुलिस ने पेश की दो रिपोर्ट
इस मामले में ACJM विनोद जोशी ने दिल्ली पुलिस से कार्रवाई संबंधी रिपोर्ट मांगी थी। पुलिस ने अदालत को बताया कि शिकायत में लगाए गए आरोप इंद्रप्रस्थ एस्टेट थाना क्षेत्र से संबंधित हैं। इसी आधार पर शिकायत को आवश्यक कार्रवाई के लिए तुगलक रोड पुलिस थाने भेज दिया गया है।
अदालत ने मामले की जांच और अब तक हुई कार्रवाई का विस्तृत विवरण मांगा था। इसके जवाब में पुलिस ने अपनी रिपोर्ट पेश की। मामले की अगली सुनवाई अब 14 दिसंबर को होगी।
1980 और 1983 की वोटर लिस्ट में नाम होने की पुष्टि
दिल्ली पुलिस की दूसरी रिपोर्ट में बताया गया कि नई दिल्ली के जिला मजिस्ट्रेट को नोटिस भेजकर वर्ष 1980 और 1983 की मतदाता सूचियों में सोनिया गांधी के नाम से जुड़ी जानकारी मांगी गई थी।
जिला प्रशासन की ओर से मिले जवाब में दोनों वर्षों की मतदाता सूची में उनका नाम दर्ज होने की पुष्टि की गई है। इसी तथ्य को लेकर शिकायत में सवाल उठाए गए हैं कि जब सोनिया गांधी को भारतीय नागरिकता वर्ष 1983 में मिली, तो इससे पहले 1980 की मतदाता सूची में उनका नाम कैसे दर्ज था।
नागरिकता की तारीख 30 अप्रैल 1983 बताई गई
पुलिस ने अदालत को यह भी जानकारी दी कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से संबंधित फॉर्म-6 और अन्य जरूरी दस्तावेज फिलहाल नहीं मिल पाए हैं। पुलिस इन रिकॉर्ड को तलाशने में जुटी है।
इसके अलावा, आगे की जांच के लिए गृह मंत्रालय के फॉरेनर्स डिवीजन को नोटिस भेजा गया है। विभाग से सोनिया गांधी को भारतीय नागरिकता दिए जाने की तारीख और उससे संबंधित जानकारी मांगी गई है।
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, एंटोनियो माइनो के नाम से जानी जाने वाली सोनिया गांधी को 30 अप्रैल 1983 को भारत की नागरिकता मिली थी। अब लापता दस्तावेजों और संबंधित विभागों से मिलने वाली जानकारी के आधार पर जांच आगे बढ़ेगी। इस मामले में अगली सुनवाई 14 दिसंबर को निर्धारित है।

